उत्तराखंड में हर घर जल का लक्ष्य जल्द होगा पूरा, सीएम धामी ने दिए सख्त निर्देश
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सचिवालय में जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने शेष पेयजल योजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने और पूर्ण योजनाओं के नियमित संचालन व रख-रखाव पर विशेष जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने हर घर जल का लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा करने और सभी पात्र ग्रामीण परिवारों को समय पर नल कनेक्शन देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मिशन की सफलता केवल कनेक्शन की संख्या से नहीं, बल्कि हर घर में नियमित, पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचने से तय होगी। पूर्ण योजनाओं का स्थलीय सत्यापन कराने को भी कहा गया।
निर्माणाधीन और लंबित योजनाओं को मिशन मोड में पूरा करने के साथ जिलाधिकारियों को विभागों के समन्वय से समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए गए। पर्वतीय क्षेत्रों में जल स्रोतों के संरक्षण, पुनर्जीवीकरण और वर्षा जल संचयन पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।
बैठक में बताया गया कि जल जीवन मिशन के तहत राज्य में 16,555 में से 15,540 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं। राज्य की औसत प्रगति 92.46 प्रतिशत है, जबकि 1,015 योजनाएं प्रगति पर हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में 14.48 लाख में से 14.20 लाख परिवारों को नल कनेक्शन दिए जा चुके हैं। वहीं, 14,979 में से 9,796 गांवों में हर नल से जल पहुंचने का सत्यापन पूरा हो चुका है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
