उत्तराखंड प्रीमियर लीग 2026: देहरादून वॉरियर्स ने हरिद्वार को हराकर जीती चैंपियनशिप
देहरादून: उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) 2026 के सीजन-3 का खिताब देहरादून वॉरियर्स ने अपने नाम कर लिया है। राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में देहरादून ने हरिद्वार इल्मास को 36 रन से हराकर ट्रॉफी जीती।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए देहरादून वॉरियर्स ने शुरुआती झटकों के बाद शानदार वापसी की। 22 रन पर दो विकेट गिरने के बाद कप्तान कुणाल चंदेला ने 51 गेंदों में 90 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने 8 चौके और 4 छक्के लगाए। उनका साथ मोहम्मद उजैर मलिक ने दिया, जिन्होंने 46 गेंदों में 64 रन बनाए। दोनों की अहम साझेदारी के दम पर देहरादून ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 197 रन बनाए।
198 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरिद्वार इल्मास की शुरुआत खराब रही। टीम ने शुरुआती ओवरों में ही विकेट गंवा दिए और 68 रन तक आधी टीम पवेलियन लौट गई। हालांकि शाश्वत डंगवाल ने 31 गेंदों में 59 रन बनाकर मुकाबले में रोमांच बनाए रखा, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिला।
देहरादून की ओर से आदित्य रावत ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3.4 ओवर में 19 रन देकर 4 विकेट झटके। अभिषेक सिंह और सुमित जुयाल ने भी 2-2 विकेट लिए। हरिद्वार की पूरी टीम 19.4 ओवर में 161 रन पर ऑलआउट हो गई। इसके साथ ही देहरादून वॉरियर्स ने 36 रन से जीत दर्ज कर UPL 2026 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
