उत्तराखंड: UIIDB परियोजनाओं की समीक्षा, शारदा रिवरफ्रंट को लेकर मुख्य सचिव सख्त
देहरादून: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में UIIDB की एग्जीक्यूटिव कमेटी की बैठक में विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने सभी प्रोजेक्ट्स को तय समयसीमा में पूरा करने और नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने करीब 10 माह में सिर्फ 10 प्रतिशत काम होने पर समर्पित प्रोजेक्ट मैनेजर की तैनाती के निर्देश दिए। सभी परियोजनाओं के लिए PERT चार्ट और टाइमलाइन तैयार कर नियमित समीक्षा करने को कहा गया।
मुख्य सचिव ने कुंभ मेला 2027 से पहले हरिद्वार क्षेत्र के प्राथमिकता वाले कार्य पूरे कराने के निर्देश दिए। सती कुंड का काम 15 दिसंबर तक पूरा करने के लिए श्रमिकों और शिफ्ट बढ़ाने को कहा गया। राफ्टिंग परियोजनाओं के लिए हरिद्वार और ऋषिकेश में अलग-अलग समर्पित टीमें बनाने के निर्देश भी दिए।
हरिद्वार में नए पार्किंग प्रोजेक्ट शुरू करने से पहले जिलाधिकारी और मेलाधिकारी से NOC लेने तथा अन्य विभागों की योजनाओं के साथ बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही, UIIDB परियोजनाओं में वित्तीय पारदर्शिता और अनुशासन के लिए फाइनेंशियल एवं ऑडिट कमेटी गठित करने के निर्देश दिए।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
