उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट, बदरीनाथ हाईवे बंद; प्रशासन हाई अलर्ट पर

file_000000009b388208a3eb06f256a0e97b

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून सक्रिय है। मौसम विभाग ने देहरादून, चंपावत, बागेश्वर, ऊधम सिंह नगर और नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी जारी की है। बारिश के चलते कई जगह भूस्खलन और मलबे से सड़कें बाधित हुई हैं।

चमोली में बदरीनाथ हाईवे बाजपुर के पास भूस्खलन के कारण बंद है। फिलहाल नंदप्रयाग-कोठियालसैंण संपर्क मार्ग से आवाजाही हो रही है। नंदानगर-रामणी मोटर मार्ग भी बंद है। बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब यात्रा जारी है।

उत्तरकाशी में भूस्खलन के कारण गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे करीब तीन घंटे बाधित रहे, जिन्हें बाद में खोल दिया गया। पिथौरागढ़ में टनकपुर-तवाघाट हाईवे और कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग पांच घंटे से अधिक समय तक बंद रहे। जिले में 18 मोटर मार्ग अभी भी बाधित हैं।

चेतावनी स्तर के करीब नदियों का जलस्तर

रुद्रप्रयाग में अलकनंदा 625.80 मीटर और मंदाकिनी 624.95 मीटर पर बह रही हैं। दोनों नदियां अपने चेतावनी स्तर के बेहद करीब हैं। जिले में पीडब्ल्यूडी के तीन और पीएमजीएसवाई के पांच मार्ग प्रभावित हैं।

मौसम विभाग की चेतावनी के बीच प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने और किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

हिमालयन लाइव ब्यूरो

Spread the love