उत्तराखंड में दिसंबर तक 15 हजार परिवारों को मिलेगी पक्की छत, PMAY-U के 84% मकान तैयार

file_0000000049ec8208b9ccc3a074848125

देहरादून: उत्तराखंड में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (PMAY-U) के तहत जरूरतमंद परिवारों के पक्के घर का सपना तेजी से साकार हो रहा है। सरकार ने लंबित आवासीय परियोजनाओं को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं। दिसंबर 2026 तक 15 हजार से अधिक परिवारों को पक्की छत मिलने की उम्मीद है।

15,496 आवासीय इकाइयों का निर्माण

सचिव आवास डॉ. आर. राजेश के अनुसार, प्रदेश में 18 परियोजनाओं के तहत 15,496 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें 12,948 यानी करीब 84 फीसदी मकान तैयार हो चुके हैं। वहीं, 1,271 मकानों की चाबियां लाभार्थियों को सौंपी जा चुकी हैं। लंबित परियोजनाओं को 30 सितंबर 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

ऊधमसिंह नगर में सबसे अधिक आवास

PMAY-U के तहत सबसे अधिक 10,200 आवास ऊधमसिंह नगर में बनाए जा रहे हैं। रुद्रपुर हाउसिंग स्कीम के 1,872 आवास तैयार हो चुके हैं। इसके अलावा भवानीपुर, उकरौली, कनकपुर, मटकोटा, श्यामनगर, महुवाखेड़ागंज, मानपुर और गंगापुर गोसाल में भी आवास बनाए जा रहे हैं।

हरिद्वार में 4,528 आवास बन रहे हैं, जबकि नैनीताल के उम्मेदनगर (रामनगर) में सभी 528 आवास पूरे हो चुके हैं। देहरादून की धौलास हाउसिंग स्कीम में 240 में से 180 आवास तैयार हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर पात्र परिवार को अपना घर उपलब्ध कराना है। पात्र परिवारों की मदद के लिए योजना में राज्य सरकार की हिस्सेदारी 50 हजार से बढ़ाकर 75 हजार रुपये की जा रही है।

हिमालयन लाइव ब्यूरो एच