देहरादून में फायरिंग के बाद पुलिस सख्त, रात 10 बजे बाद छात्रों पर कड़ी निगरानी

file_0000000099e8820880b94e43316a3ee8

देहरादून: पटेलनगर के इंडस्ट्रियल क्षेत्र में निजी विश्वविद्यालय के बाहर फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने छात्र और युवा बाहुल्य इलाकों में देर रात की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी है। अब रात में बेवजह घूमने, हुड़दंग या आपराधिक गतिविधियों में शामिल युवाओं की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

गुरुवार देर रात एसपी सिटी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में प्रेमनगर क्षेत्र के पीजी और हॉस्टलों में चेकिंग अभियान चलाया गया। चार हॉस्टलों में अनियमितताएं मिलीं, जबकि देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे चार युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।

रात 10 बजे बाद हॉस्टल में प्रवेश पर सख्ती

पुलिस ने पीजी और हॉस्टल संचालकों को छात्रों के प्रवेश की समयसीमा रात 10 बजे निर्धारित करने के निर्देश दिए हैं। बाहर से आने वाले लोगों को सत्यापन के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा और आने-जाने वालों का रिकॉर्ड रखना होगा। सभी छात्रों का शत-प्रतिशत सत्यापन और हॉस्टल-पीजी में सीसीटीवी कैमरे लगाना भी अनिवार्य किया गया है।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशीले पदार्थों के सेवन, आपराधिक गतिविधि या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में छात्र के शामिल पाए जाने पर संचालक की जिम्मेदारी भी तय होगी। चार हॉस्टल संचालकों को नोटिस जारी कर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने पढ़ाई की आड़ में हुड़दंग और आपराधिक गतिविधियों में शामिल छात्रों को चिह्नित कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। फायरिंग की घटना के बाद पुलिस की सख्ती से छात्र बाहुल्य क्षेत्रों में देर रात की गतिविधियों पर निगरानी और बढ़ने वाली है।

हिमालयन लाइव ब्यूरो