उत्तराखंड में 24×7 बिजली सप्लाई की तैयारी, अदाणी पावर से 25 साल का करार

file_00000000023c8208a1f71e3e131d9a6b

देहरादून: उत्तराखंड में बिजली की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए कैबिनेट ने बड़ा फैसला लिया है। यूपीसीएल को अदाणी पावर लिमिटेड से अगले 25 साल तक 1320 मेगावॉट कोयला आधारित बिजली खरीदने के लिए करार करने की मंजूरी मिल गई है। बिजली 5.74 रुपये प्रति यूनिट की दर से खरीदी जाएगी।

यूपीसीएल को अदाणी पावर के साथ बिजली आपूर्ति समझौते और अन्य जरूरी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने के साथ विद्युत नियामक आयोग से आवश्यक मंजूरियां लेने के लिए अधिकृत किया गया है। सरकार के मुताबिक, इससे राज्य में 24 घंटे बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी और बिजली खरीद की लागत में स्थिरता आएगी।

विद्युत नियामक आयोग ने 8 जुलाई को छत्तीसगढ़ स्थित अदाणी पावर संयंत्र से 1320 मेगावॉट बिजली खरीद के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। इस बिजली से औद्योगिक, वाणिज्यिक और पर्यटन क्षेत्रों की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को भी पूरा करने में मदद मिलेगी।

शहरी क्षेत्रों में अपडेट होंगे भू-अभिलेख

कैबिनेट ने शहरी क्षेत्रों में भू-अभिलेखों को आधुनिक बनाने के लिए उत्तराखंड आबादी सर्वेक्षण और अभिलेख संक्रिया नियमावली लागू करने को मंजूरी दी है। जीआईएस तकनीक के जरिए सटीक भू-स्थानिक डाटाबेस तैयार किया जाएगा, जिससे भूमि प्रबंधन और शहरी नियोजन आसान होगा।

काठबंगला के 116 परिवारों को मुफ्त आवास

देहरादून के काठबंगला में बनाए गए 116 आवास चयनित मलिन बस्तीवासियों को मुफ्त दिए जाएंगे। पहले लाभार्थियों को 10 प्रतिशत राशि देनी थी, लेकिन अब सरकार उनका यह हिस्सा भी खुद वहन करेगी।

हिमालयन लाइव ब्यूरो