राष्ट्रीय खेल दिवस पर उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय के निर्माण कार्यों का शुभारंभ

file_00000000016482118615f073b9acc287

हल्द्वानी: राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय और मानसखण्ड खेल परिसर के प्रथम चरण के ₹43.50 करोड़ के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। साथ ही विश्वविद्यालय के प्रथम शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के लाभार्थियों को डीबीटी के जरिए खेल छात्रवृत्ति भी प्रदान की गई।

उत्तराखंड बनेगा ‘खेलभूमि’

धामी ने कहा कि क्रीड़ा विश्वविद्यालय से खिलाड़ियों को प्रदेश में ही उच्च स्तरीय खेल शिक्षा और आधुनिक प्रशिक्षण मिलेगा। सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को देश के अग्रणी खेल राज्यों में शामिल कर ‘खेलभूमि’ बनाना है।

उन्होंने कहा कि 2027 के राष्ट्रीय खेलों में अधिक पदक और ओलंपिक-2036 में उत्तराखंड की मजबूत भागीदारी के लिए रोडमैप तैयार किया जा रहा है।

प्रदेश में ‘एक जनपद-एक खेल’ योजना के साथ 23 हाईटेक खेल अकादमियां विकसित की जा रही हैं। पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी की व्यवस्था के तहत अब तक 29 खिलाड़ियों को नियुक्ति दी जा चुकी है।

समारोह में अंकिता, अभिनव देशवाल, शौर्य सैनी समेत कई खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को पुरस्कार व नकद राशि देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में खेल मंत्री रेखा आर्या, सांसद अजय भट्ट और विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट मौजूद रहे।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love