ज्योलिकोट में दूषित पानी से मौतों पर एक्शन, जल संस्थान-पेयजल निगम के 6 अधिकारी सस्पेंड
नैनीताल: ज्योलीकोट और आसपास के क्षेत्रों में दूषित पेयजल से जल जनित रोग फैलने और दो लोगों की मौत के मामले में शासन ने बड़ी कार्रवाई की है। लापरवाही के आरोप में जल संस्थान और पेयजल निगम के छह अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, नैनीताल जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को भविष्य में कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
दूषित पानी की आपूर्ति से क्षेत्र में डायरिया, पीलिया और अन्य बीमारियां फैलने से सैकड़ों ग्रामीण बीमार पड़े थे। मामले में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सीडीओ अरविंद पांडे की अध्यक्षता में जांच कमेटी गठित की थी। जांच रिपोर्ट शासन को भेजे जाने के बाद यह कार्रवाई की गई।
निलंबित अधिकारियों में जल संस्थान के प्रभारी अधीक्षण अभियंता विशाल कुमार, सहायक अभियंता मोहन सिंह रावत, अपर सहायक अभियंता रवींद्र और पेयजल निगम के प्रभारी अधिशासी अभियंता शशिपाल सिंह, प्रभारी सहायक अभियंता संजय कुमार आर्या तथा कनिष्ठ अभियंता दीपांशु शर्मा शामिल हैं।
मामले का हाईकोर्ट ने भी संज्ञान लिया था और मुख्य सचिव को निगरानी के निर्देश दिए थे। शासन की कार्रवाई के बाद जल संस्थान और पेयजल निगम में हलचल मची है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
