उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज, CEO ने जिलाधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
देहरादून: आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन को लेकर उत्तराखंड में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने गुरुवार को सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर चुनाव तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिला निर्वाचन अधिकारियों को आयोग की गाइडलाइन और इलेक्शन प्लानर के अनुसार चरणबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर भवन की स्थिति, बिजली, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा।
मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं पर जोर
CEO ने निर्देश दिए कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार DEO, RO और स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण भी समय पर पूरा कराया जाए। इसके साथ ही सभी जिलों को SVEEP प्लान तैयार करने तथा बूथ और विधानसभा स्तर पर आवश्यक कार्मिकों और वाहनों का विवरण तैयार करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आगामी माह में निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारी उत्तराखंड का दौरा कर सकते हैं। इस दौरान जिलों में चुनाव तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को समयसीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
