उत्तराखंड में सभी STP की होगी रियल टाइम मॉनिटरिंग, DM हर माह करेंगे समीक्षा
देहरादून: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में 25 बिंदु कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए प्रदेश के सभी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) की रियल टाइम मॉनिटरिंग के लिए केंद्रीयकृत व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने STP की क्षमता के अनुरूप उनका पूर्ण उपयोग और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्य सचिव ने डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन और सेग्रिगेशन व्यवस्था को प्रभावी बनाने के साथ कचरे के संग्रहण, पृथक्करण और निस्तारण की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। बड़े व्यावसायिक संस्थानों और ग्रुप हाउसिंग में निजी STP के संचालन व मानकों की भी नियमित जांच करने को कहा।
उन्होंने अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा कब्जे की रोकथाम के लिए जिलास्तर पर निगरानी व्यवस्था बनाने और लंबित पार्किंग योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। पिरूल कलेक्शन योजना के तहत लाभार्थियों की संख्या, आय में बढ़ोतरी और उन्हें हुए आर्थिक लाभ का पूरा आकलन करने को भी कहा।
मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों को 25 बिंदु कार्यक्रम की हर माह समीक्षा करने के निर्देश दिए। समीक्षा में केवल आंकड़ों के बजाय योजनाओं की जमीनी स्थिति, आमजन को मिल रहे वास्तविक लाभ और समस्याओं का आकलन कर समयबद्ध सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
