देहरादून में 8-9 अक्टूबर को लगेगा नाबार्ड का ‘सेब महोत्सव 3.0’
देहरादून: नाबार्ड की ओर से देहरादून में ‘सेब महोत्सव 3.0’ का आयोजन 8 और 9 अक्टूबर को किया जाएगा। दो दिवसीय महोत्सव आईटी पार्क स्थित नाबार्ड के क्षेत्रीय कार्यालय परिसर में सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा। इसका उद्घाटन 8 अक्टूबर को उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन करेंगे।
महोत्सव में हर्षिल, चकराता और रामगढ़ के ए-ग्रेड सेब प्रमुख आकर्षण होंगे। यहां रॉयल डिलीशियस, गोल्डन डिलीशियस, गाला और रेड डिलीशियस जैसी किस्में उपलब्ध रहेंगी। इसके साथ ही कपकोट और रामगढ़ की उच्च गुणवत्ता वाली कीवी भी बिक्री के लिए रखी जाएगी।
आयोजन में ताजी सब्जियां, देशी घी, जैविक तेल, गुड़, दालें, हिमालयी शहद और अन्य प्राकृतिक उत्पाद भी मिलेंगे। इसके अलावा ऐपण कला, ताम्र शिल्प, रिंगाल हस्तशिल्प और उत्तराखंड के GI उत्पादों का भी प्रदर्शन किया जाएगा।
नाबार्ड के अनुसार, महोत्सव का उद्देश्य किसानों, जनजातीय समुदायों और कृषक उत्पादक संगठनों (FPOs) को सीधे उपभोक्ताओं से जोड़ना और उनके उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है। नाबार्ड ने देहरादून और आसपास के लोगों से महोत्सव में पहुंचकर पहाड़ी उत्पादों की खरीदारी करने की अपील की है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
