देहरादून में दो मोर्चों पर प्रदर्शन, विपक्ष ने चुनाव आयोग तो प्रधानों ने सरकार को घेरा

IMG_20261008_204236

देहरादून: राजधानी देहरादून में गुरुवार को अलग-अलग मुद्दों को लेकर विपक्षी दलों और ग्राम प्रधानों ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस समेत इंडिया गठबंधन के घटक दलों ने ‘वोट बचाओ’ यात्रा निकालकर चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया, जबकि प्रदेशभर से पहुंचे ग्राम प्रधानों ने 10 सूत्रीय मांगों को लेकर सचिवालय कूच किया।

कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के नेताओं ने गांधी पार्क से घंटाघर तक मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और राहुल गांधी के खिलाफ कार्रवाई का विरोध किया। घंटाघर पहुंचकर मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका गया और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की गई।

वहीं, ग्राम प्रधानों ने परेड ग्राउंड से सचिवालय कूच किया। पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोकने का प्रयास किया। कुछ प्रधानों ने बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोक दिया। नाराज प्रधान सड़क पर धरने पर बैठ गए।

ग्राम प्रधानों ने न्यूनतम 20 हजार रुपये मासिक मानदेय, मनरेगा में श्रमिकों की ऑफलाइन उपस्थिति और अकुशल श्रमिकों को 600 रुपये तथा कुशल श्रमिकों को 800 रुपये प्रतिदिन मजदूरी देने की मांग की। विपक्ष ने भी मतदाता सूची से हटाए गए नामों की समीक्षा और पात्र मतदाताओं के नाम दोबारा जोड़ने की मांग उठाई।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love