खेल महाकुम्भ-2026 का समापन, देहरादून ने जीती मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी

IMG_20261101_190733

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को ननूरखेड़ा स्थित मिनी स्टेडियम में खेल महाकुम्भ-2026 एवं मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने विजेता जनपद देहरादून को ट्रॉफी के साथ 5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की। साथ ही meroyuva.in पोर्टल का विमोचन भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ खेल भूमि के रूप में भी पहचान बना रहा है। इस वर्ष खेल महाकुम्भ में 3 लाख 35 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या करीब 2.20 लाख थी। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगभग 11.30 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके खातों में भेजी जा रही है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी के तहत प्रदेश की 662 न्याय पंचायतों और सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों सहित विभिन्न स्तरों पर 32 प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सरकार का उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर देना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले पात्र खिलाड़ियों को निर्धारित नियमों के तहत सरकारी सीधी भर्ती में 4 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने खिलाड़ियों से मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि सरकार खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति, खेल उपकरण और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। लोहाघाट में बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज का संचालन भी शुरू किया गया है। कार्यक्रम में मलखम्ब और आर्टिस्टिक योग का आकर्षक प्रदर्शन किया गया।

हिमालयन लाइव ब्यूरो उसे

Spread the love