बदरीनाथ हेलीकॉप्टर हादसा: 24 घंटे की मशक्कत के बाद दुर्गम पहाड़ी से निकाले गए छह शव

IMG_20261101_201652

देहरादून: उत्तराखंड के चमोली जिले में बदरीनाथ धाम से लौटते समय पांडुकेश्वर की पहाड़ियों पर दुर्घटनाग्रस्त हुए हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों के शव 24 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बरामद कर लिए गए। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और विषम परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू टीमों ने जोखिम उठाकर सभी पार्थिव शरीरों को दुर्घटनास्थल से बाहर निकाला।

इस चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू अभियान में भारतीय सेना, आईटीबीपी, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, जिला प्रशासन और वन विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला। जवानों ने कठिन और संकरे पहाड़ी रास्तों पर पैदल पहुंचकर शवों को बाहर निकाला। कई जगह बांस की मदद से पार्थिव शरीरों को कंधों पर उठाकर सुरक्षित स्थान तक लाया गया।

रेस्क्यू के बाद सभी छह पार्थिव शरीरों को सड़क मार्ग से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), जोशीमठ पहुंचाया गया। यहां आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद एनटीपीसी हेलीपैड से हेलीकॉप्टर के जरिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया, जहां मृतकों की पहचान की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

हादसे में हेलीकॉप्टर के पायलट समेत पांच यात्रियों की मौत हुई थी। सभी शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिले। दुर्घटनास्थल तक पहुंचने का रास्ता बेहद दुर्गम होने के कारण राहत एवं बचाव दल को मौके तक पहुंचने और शवों को बाहर निकालने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। 24 घंटे तक चले इस अभियान में रेस्क्यू टीमों के साहस और समन्वय से सभी छह मृतकों के पार्थिव शरीरों को बाहर निकाला जा सका।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love