CM धामी ने 37वें अखिल भारतीय खेलकूद समारोह के विजेता खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत
गाजियाबाद: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गाजियाबाद में विद्या भारती द्वारा आयोजित 37वें अखिल भारतीय खेलकूद समारोह-2026 के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने के साथ उनमें अनुशासन, एकता, सहयोग और राष्ट्रभावना का विकास करती हैं। खेल का मैदान देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों को एक सूत्र में जोड़ता है। उन्होंने कहा कि जीत आगे बढ़ने का उत्साह देती है, जबकि हार अपनी कमियों को सुधारने की प्रेरणा देती है।
उन्होंने विद्या भारती के शिक्षा और संस्कारों के प्रसार में योगदान की सराहना करते हुए कहा कि संस्था सीमांत, ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया और फिट इंडिया मूवमेंट जैसी पहलों से देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिल रहा है। उत्तराखंड सरकार भी खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करा रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि दूरस्थ क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिले। मुख्यमंत्री ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और आयोजन के सफल संचालन के लिए विद्या भारती के पदाधिकारियों एवं प्रशिक्षकों की सराहना की।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
