उत्तराखंड स्थापना दिवस: पीएम मोदी ने सराहा प्रदेश का विकास, सीएम धामी ने कीं 13 बड़ी घोषणाएं
देहरादून: उत्तराखंड के 26वें स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को शुभकामना संदेश भेजकर प्रदेश की विकास यात्रा की सराहना की। वहीं, भराड़ीसैंण में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने 13 महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक बनाने के संकल्प को राज्य सरकार साकार कर रही है। उन्होंने चारधाम ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, धार्मिक स्थलों के पुनर्निर्माण और सीमांत गांवों के विकास की सराहना की। साथ ही पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में हो रहे कार्यों को महत्वपूर्ण बताया।
मुख्यमंत्री धामी ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, आशा कार्यकत्रियों और भोजन माताओं के मानदेय में 1 दिसंबर 2026 से वृद्धि की घोषणा की। अतिथि शिक्षकों का मानदेय भी बढ़ाया जाएगा। इसके अलावा लखपति दीदियों को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहन राशि, वन्यजीव हमलों में घायलों को अतिरिक्त उपचार सहायता और प्रत्येक जिले में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने का ऐलान किया।
अन्य घोषणाओं में प्रवासियों के लिए भूमि खरीद प्रक्रिया सरल करना, सभी राजस्व गांवों को पावर ग्रिड से जोड़ना, बिजली बिलों पर विलंबित भुगतान सरचार्ज माफ करना और ‘अपुणि सरकार’ पोर्टल को प्रभावी बनाना शामिल है। राज्य आंदोलनकारियों की समस्याओं के समाधान के लिए कैबिनेट समिति भी गठित होगी। लोकगायक गोपाल बाबू गोस्वामी और चन्द्र सिंह राही को उत्तराखंड गौरव सम्मान दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है और तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बनी हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि केंद्र के सहयोग से उत्तराखंड विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
