मुख्यमंत्री धामी का महिलाओं से सीधा संवाद, बोले- ‘सशक्त नारी ही समृद्ध उत्तराखंड की ताकत’
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाऊवाला में तीज उत्सव के अवसर पर आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया और मातृशक्ति से संवाद कर उनके सुझाव व अपेक्षाएं सुनीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की वास्तविक शक्ति उसकी मातृशक्ति है। महिलाएं आज स्वयं सहायता समूहों, स्वरोजगार, कृषि, बागवानी, होमस्टे, उद्यमिता और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़कर आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश कर रही हैं। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को केवल योजनाओं का लाभ देना नहीं, बल्कि उन्हें अवसर, सम्मान, नेतृत्व और निर्णय लेने की क्षमता प्रदान करना है।
उन्होंने बताया कि सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के जरिए महिलाओं को रोजगार से जोड़ा जा रहा है। मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रदेश में 2.65 लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।
धामी ने कहा कि ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’, ‘ड्रोन दीदी’, ‘सोलर सखी’ और ‘महिला सारथी’ जैसी पहल महिलाओं को बाजार, तकनीक और नए आर्थिक अवसरों से जोड़ रही हैं। साथ ही सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान को भी प्राथमिकता दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ‘सशक्त नारी–समृद्ध उत्तराखंड’ के विजन को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने महिलाओं को तीज पर्व और स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
