उत्तराखंड में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का आगाज, पौड़ी में निकली भव्य तिरंगा यात्रा
पौड़ी: उत्तराखंड में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का शुभारंभ सोमवार को शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने पौड़ी से किया। पाबौ, सांकरसैंण और पौड़ी में आयोजित तिरंगा यात्राओं में हजारों लोगों, जनप्रतिनिधियों और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान भारत माता के जयघोष से पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में नजर आया।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। डॉ. रावत ने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों में तिरंगा फहराने की अपील की।
सांकरसैंण में शिक्षा मंत्री ने कहा कि देश 15 अगस्त को अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीरों को याद करने और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का माध्यम है।
डॉ. रावत ने बताया कि 15 अगस्त तक प्रदेश के सभी शिक्षण संस्थानों में तिरंगा यात्राओं और विभिन्न राष्ट्रभक्ति कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इनमें विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
राजकीय महाविद्यालय पाबौ में उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद भी किया। शिक्षा, भविष्य की आकांक्षाओं और नवाचार से जुड़े विषयों पर विद्यार्थियों के विचार और सुझाव सुने। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को बेहतर शैक्षणिक अवसर, आधुनिक संसाधन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि वे उत्तराखंड और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
