GenZ आंदोलन पर बाबा रामदेव की चेतावनी, बोले- ‘घपले नहीं सुधरे तो फिर आंदोलन होगा’
हरिद्वार: देश के अलग-अलग हिस्सों में छात्रों और GenZ के प्रदर्शन के बीच योगगुरु बाबा रामदेव ने आंदोलनों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने GenZ और Gen Alpha के प्रदर्शन का समर्थन करते हुए शिक्षा व्यवस्था और सरकारी भर्तियों में कथित अनियमितताओं पर सवाल उठाए। रामदेव ने चेतावनी दी कि अगर व्यवस्थागत खामियों को जल्द ठीक नहीं किया गया तो देश में आंदोलन और बढ़ सकते हैं।
बाबा रामदेव ने कहा कि कई स्कूलों में बच्चों को शिक्षक, बिजली, पानी, शौचालय और किताबों जैसी मूलभूत सुविधाएं तक नहीं मिल रही हैं। उन्होंने पेपर लीक, नकल और परीक्षा व्यवस्था पर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि पढ़ाई पूरी करने के बाद सरकारी नौकरी की भर्ती प्रक्रिया में भी युवाओं को कथित भ्रष्टाचार और पक्षपात का सामना करना पड़ता है।
रामदेव ने सरकारी नौकरियों में कथित घोटाले और भर्ती में पैसे के खेल को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि आंदोलन अराजकता का रास्ता नहीं होना चाहिए, लेकिन देश में मौजूद खामियों और घपलों को दूर करना जरूरी है।
योगगुरु ने चेतावनी देते हुए कहा, “ये घपले ठीक कर लो, कहीं ऐसा न हो कि बाबा रामदेव को दोबारा आंदोलन करना पड़े।” उन्होंने कहा कि अगर इसी तरह लगातार आंदोलन होते रहे तो देश के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो सकती है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
