‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ पर CM धामी ने विद्यार्थियों से किया संवाद

file_00000000a0808211a3dc7ac06514a720

रुद्रपुर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को रुद्रपुर के एक निजी विद्यालय में आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ विषय पर छात्रों के विचार, सुझाव और भविष्य के उत्तराखंड की उनकी परिकल्पनाएं जानीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, सोच और प्रतिभा उत्तराखंड के विकास की बड़ी ताकत है। सरकार शिक्षा के साथ रोजगार, कौशल विकास, नवाचार और उद्यमिता के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर काम कर रही है। ‘विकसित भारत–विकसित उत्तराखंड’ के संकल्प के तहत पर्यटन, कृषि, खेल, तकनीक और विज्ञान समेत सभी क्षेत्रों को मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि देहरादून में देश की पांचवीं सबसे बड़ी साइंस सिटी का निर्माण किया गया है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर देना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नेतृत्व केवल राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल, चिकित्सा, विज्ञान, मीडिया और उद्योग समेत हर क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोग लीडर होते हैं।

2.67 लाख विद्यार्थियों ने भेजे विचार

मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान के तहत प्रदेशभर के 2,67,744 विद्यार्थियों ने अपने निबंध और विचार भेजे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों के सुझाव उत्तराखंड के विकास और उज्ज्वल भविष्य को लेकर उनकी सोच को दर्शाते हैं। विद्यार्थियों के इन विचारों को विकास की दिशा से जोड़कर सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित उत्तराखंड बनाने का प्रयास किया जाएगा।

हिमालयन लाइव ब्यूरो