उत्तराखंड का ड्याली सेरा ट्रेक बना ‘ट्रेक ऑफ द ईयर 2026’, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
चमोली: चमोली जिले के ज्योतिर्मठ क्षेत्र में स्थित खूबसूरत ड्याली सेरा ट्रेक को उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद (यूटीपीसी) ने ‘ट्रेक ऑफ द ईयर 2026’ घोषित किया है। स्थानीय स्तर पर इसे ‘तिलिस्मी ट्रेक’ के नाम से भी जाना जाता है। इस घोषणा से क्षेत्र में देश-विदेश के पर्यटकों और ट्रेकर्स की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है।
पर्यटन विभाग के अनुसार, 1 सितंबर 2026 से 30 मार्च 2027 तक ड्याली सेरा में विशेष ट्रेकिंग अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत पहले 300 ट्रेकर्स को प्रति व्यक्ति 2,000 रुपये की सब्सिडी दी जाएगी। इसका संचालन यूटीपीसी में पंजीकृत स्थानीय टूर ऑपरेटर एजेंसियों के माध्यम से होगा।
पर्यटन कारोबारियों में उत्साह
ड्याली सेरा को ट्रेक ऑफ द ईयर घोषित किए जाने से स्थानीय ग्रामीणों और पर्यटन कारोबारियों में उत्साह है। पर्यटन कारोबारियों का कहना है कि ट्रेक के विकास से क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
स्की माउंटेनरिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि ट्रेक पर कैंप साइट, रूट मेंटेनेंस और पेयजल जैसी सुविधाएं विकसित की जानी चाहिए। इससे कुआरी पास ट्रेक पर बढ़ते पर्यटक दबाव को भी कम किया जा सकेगा।
3,600 मीटर की ऊंचाई पर है ड्याली बुग्याल
ड्याली बुग्याल करीब 3,600 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। यहां हिमालयी बुग्यालों, घाटियों और जंगलों की प्राकृतिक सुंदरता देखने को मिलती है। ड्याली बुग्याल–डुब्रा वैली–कुआरी पास–गोरसों बुग्याल–औली को जोड़कर एक आकर्षक ट्रेकिंग सर्किट विकसित किया जा सकता है। यह ट्रेक करीब छह दिन में पूरा किया जा सकता है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
