उत्तराखंड में जन शिकायतों पर CM सख्त, 30 दिन से लंबित मामलों पर विशेष निगरानी
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीएम हेल्पलाइन 1905 की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों को पोर्टल पर बंद करना पर्याप्त नहीं, समस्या का वास्तविक समाधान जरूरी है।
सीएम ने 30 दिन से अधिक लंबित शिकायतों पर विशेष ध्यान देने और 180 दिन से पुराने मामलों की नियमित समीक्षा के निर्देश दिए। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी।
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को तहसीलों के औचक निरीक्षण, दाखिल-खारिज और भूमि धोखाधड़ी से जुड़े मामलों की समीक्षा के निर्देश दिए। वहीं, पाइपलाइन और सीवर लाइनों का 15 दिन में ऑडिट कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
उन्होंने शिकायतों को अनावश्यक रूप से ‘स्पेशल क्लोज’ या ‘फोर्स क्लोज’ न करने और शिकायतकर्ता के फीडबैक को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान सीएम ने कई शिकायतकर्ताओं से फोन पर बात कर समस्याओं की वास्तविक स्थिति जानी और लंबित मामलों के तत्काल समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन का उद्देश्य जनता की समस्याओं का वास्तविक समाधान है, केवल शिकायत बंद करना नहीं।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
