देहरादून डिफेंस कॉलोनी में 250 करोड़ के भूमि घोटाले का आरोप, जांच के आदेश

file_00000000e7508208a467389daa6a42c6

देहरादून: शहर की प्रतिष्ठित डिफेंस कॉलोनी में 250 करोड़ रुपये से अधिक के कथित भूमि घोटाले का मामला सामने आया है। आरोप है कि सार्वजनिक उपयोग, पार्क और हरित क्षेत्र के लिए निर्धारित जमीन को कथित तौर पर निजी भूखंडों में बदलकर बेचा गया। मामले में उत्तराखंड शासन ने निष्पक्ष जांच के लिए निबंधक सहकारी समितियां को पत्र भेजा है।

पर्यावरण मंत्रालय को भी भेजी शिकायत

सेवानिवृत्त कर्नल रमेश प्रसाद सिंह ने मुख्यमंत्री और पर्यावरण मंत्रालय को शिकायत भेजकर जांच की मांग की है। शिकायत के मुताबिक, 1968 में स्थापित डिफेंस कॉलोनी के मूल लेआउट में करीब 45 प्रतिशत क्षेत्र पार्क, खुले और हरित क्षेत्र के लिए निर्धारित था।

आरोप है कि सोसायटी के पूर्व प्रबंधन के कार्यकाल में इन सार्वजनिक क्षेत्रों को निजी भूखंडों में परिवर्तित कर बेचा गया। शिकायतकर्ता ने एक लाख वर्गमीटर से अधिक हरित क्षेत्र प्रभावित होने और 250 करोड़ रुपये से ज्यादा के नुकसान का दावा किया है।

16 पूर्व सैन्य अधिकारियों पर मुकदमा

मामले में 11 फरवरी 2025 को 16 पूर्व सैन्य अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने की बात भी सामने आई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कार्रवाई के लिए समयसीमा तय होने के बावजूद संबंधित विभागों की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई।

संयुक्त जांच समिति की मांग

शिकायतकर्ता ने शहरी विकास और पर्यावरण विभाग के स्तर पर संयुक्त वैधानिक जांच समिति और बोर्ड गठित करने की मांग की है। साथ ही कथित अवैध संपत्ति निस्तारण को रद्द करने और पर्यावरणीय क्षति व सार्वजनिक संपत्ति के नुकसान की वसूली की कार्रवाई की मांग की गई है।

हिमालयन लाइव ब्यूरो