उत्तराखंड: युवा आयोग और अग्निवीर सेल का होगा गठन, हर जिले में खुलेंगे टेक्नोलॉजी सेंटर
काशीपुर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि उन्हें रोजगार की तलाश में पलायन न करना पड़े। उन्होंने बताया कि युवाओं के सहयोग के लिए युवा आयोग और अग्निवीर सेल का गठन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री शनिवार को काशीपुर में आयोजित युवा विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान 17 विद्यालयों के 1,400 से अधिक विद्यार्थियों ने उनसे संवाद किया।
धामी ने बताया कि देहरादून में देश की पांचवीं सबसे बड़ी साइंस सिटी विकसित की जा रही है और हर जिले में टेक्नोलॉजी सेंटर खोले जाएंगे। प्रदेश में 189 अटल उत्कृष्ट विद्यालय संचालित हैं और STEM लैब के माध्यम से विज्ञान एवं तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार स्टार्टअप, नवाचार और आधुनिक कौशल विकास को प्रोत्साहित कर रही है, ताकि युवा नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार देने वाले बन सकें। युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के लिए औद्योगिक अवसरों का भी विस्तार किया जा रहा है।
विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने AI और साइबर क्राइम के प्रति जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने बताया कि रिश्वत मांगने पर नागरिक टोल-फ्री नंबर 1064 या संबंधित मोबाइल ऐप पर शिकायत कर सकते हैं। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से मेहनत करने, आत्मविश्वास बनाए रखने और नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि युवा उत्तराखंड के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
