आदि कैलाश यात्रा का दूसरा चरण शुरू, पहले दिन 500 से अधिक इनरलाइन परमिट जारी

file_0000000038e882089b35ea9d8fd75a79

पिथौरागढ़: प्रसिद्ध आदि कैलाश और ओम पर्वत यात्रा का दूसरा चरण शुरू हो गया है। पहले दिन 500 से अधिक इनरलाइन परमिट जारी किए गए, जबकि 200 से ज्यादा श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ के जयकारों के साथ गुंजी के लिए रवाना हुए। यात्रा शुरू होने से सीमांत क्षेत्र धारचूला में पर्यटन गतिविधियां फिर तेज होने की उम्मीद है।

धारचूला के उपजिलाधिकारी आशीष जोशी के अनुसार, दूसरे चरण के लिए ऑनलाइन इनरलाइन परमिट जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मौसम साफ होने और बीआरओ द्वारा कुलागाड़ में बेली ब्रिज पर यातायात सुचारु किए जाने के बाद यात्रा मार्ग खुलने से श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने लगी है।

इस वर्ष यात्रा के पहले चरण में एक मई से एक जुलाई तक कुल 52,441 इनरलाइन परमिट जारी किए गए थे। पिछले वर्ष यह संख्या 36,542 रही थी। आंकड़ों के अनुसार, इस बार आदि कैलाश और ओम पर्वत के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई।

यात्रा के दूसरे चरण की शुरुआत से धारचूला सहित गुंजी, नाभी और कुटी जैसे सीमांत गांवों में पर्यटन गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। इससे स्थानीय टैक्सी संचालकों, होटल, होम स्टे और टूर ऑपरेटरों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।

राजस्थान के जयपुर से आए बुजुर्ग श्रद्धालुओं का एक दल भी यात्रा को लेकर उत्साहित है। दल के 67 वर्षीय जगदीश कुलवाल ने बताया कि वह वर्ष 2015 में कैलाश मानसरोवर यात्रा कर चुके हैं और इस बार आदि कैलाश के दर्शन को लेकर उत्साहित हैं।

हिमालयन लाइव ब्यूरो