ड्रग फ्री उत्तराखंड: ANTF ने तोड़ा नशा तस्करों का नेटवर्क, स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता अभियान तेज
देहरादून: उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ड्रग फ्री उत्तराखंड अभियान तेज कर दिया गया है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) नशा तस्करों के नेटवर्क पर कार्रवाई कर रही है, वहीं स्कूल-कॉलेजों में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
वर्ष 2022 में गठित ANTF ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कई अवैध फैक्ट्रियों का खुलासा किया है। देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी और पिथौरागढ़ में कार्रवाई के साथ ही हाल ही में बिजनौर के चांदपुर से नकली दवाओं के गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार किया गया।
हल्द्वानी में मेडिकल स्टोर से नशीले इंजेक्शन और प्रतिबंधित दवाइयां, हरिद्वार में 200 बोतल कोडीन युक्त सिरप और देहरादून के सहसपुर में 112 नशीले कैप्सूल बरामद किए गए।
युवाओं को जागरूक करने के लिए रैलियां, नुक्कड़ नाटक और पोस्टर प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। शिक्षण संस्थानों को छात्रों की नियमित निगरानी, काउंसलिंग और जरूरत पड़ने पर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। नशा तस्करी की सूचना देने वालों के लिए ₹20 हजार से ₹2.40 लाख तक के इनाम का प्रावधान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के आदी युवाओं को मुख्यधारा में लाने के लिए पुनर्वास केंद्रों और काउंसलिंग की व्यवस्था की जा रही है। अभियान के तहत नारकोटिक्स हेल्पलाइन 1933 का प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
