उत्तराखंड के 20,067 आंगनबाड़ी केंद्रों में होगा ‘आंगन का मिलन’, कार्यकत्रियां होंगी सम्मानित

HS1vF-JaAAA0mp2

देहरादून: उत्तराखंड में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 20,067 आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। तैयारियों को लेकर महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने देहरादून में विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की।

अधिकारियों ने बताया कि देहरादून में 1,907, हरिद्वार में 3,179 और बागेश्वर में 834 आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यक्रम होगा। मंत्री ने तैयारियां समय से पूरी करने और सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

रेखा आर्या ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं, बच्चों और बालिकाओं तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना और पात्र लोगों को लाभ दिलाना है। उन्होंने आयोजन में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

उत्कृष्ट कार्यकत्रियां होंगी सम्मानित

अभियान के दौरान बेहतर कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और आशा कार्यकत्रियों को सम्मानित किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि सम्मान से कर्मियों का उत्साह बढ़ेगा और अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।

हिमालयन लाइव ब्यूरो 

Spread the love