उत्तराखंड में विकास कार्यों को रफ्तार, CM धामी ने मंजूर किए ₹305 करोड़ के प्रोजेक्ट

IMG-20260919-WA0018

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में सड़क अवसंरचना, पर्यटन विकास, बाढ़ सुरक्षा, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और जन सुविधाओं से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों के लिए ₹305 करोड़ से अधिक की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृतियां प्रदान की हैं।

केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि (CRIF) के तहत भारत सरकार से स्वीकृत 9 कार्यों के लिए ₹288.41 करोड़ की मंजूरी दी गई है। इसके तहत पहली किश्त के रूप में 40 प्रतिशत यानी ₹115.36 करोड़ जारी करने का अनुमोदन किया गया है।

वहीं, बद्रीनाथ धाम रिवर फ्रंट डेवलपमेंट की पुनरीक्षित लागत के लिए चालू वित्तीय वर्ष में पर्यटन अवस्थापना मद से ₹6 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। मानसून के दौरान बाढ़ सुरक्षा, क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों के पुनर्निर्माण और सुरक्षात्मक कार्यों के लिए पिथौरागढ़, चमोली, देहरादून, उत्तरकाशी और पौड़ी गढ़वाल की 6 योजनाओं के लिए ₹9.30 करोड़ मंजूर किए गए हैं।

इसके अलावा, अल्मोड़ा के सल्ट में भौनादेवी मंदिर सौंदर्यीकरण के लिए ₹50 लाख, जागेश्वर के चलनीछीना में घटीका मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹99.39 लाख और पिथौरागढ़ के डीडीहाट में तपड़ी घाट से गोलमानू प्राथमिक विद्यालय तक सीसी मार्ग के लिए ₹72.63 लाख की स्वीकृति दी गई है।

हल्द्वानी स्थित श्रम भवन परिसर में लिफ्ट निर्माण के लिए ₹30.30 लाख भी स्वीकृत किए गए हैं। इन स्वीकृतियों से प्रदेश में सड़क, पर्यटन, धार्मिक स्थलों और जन सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।

हिमालयन लाइव ब्यूरो