बारिश को लेकर आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट, सचिव ने प्रदेश की स्थिति की समीक्षा की
देहरादून: उत्तराखंड में लगातार बारिश के बीच आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट मोड पर है। सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने शनिवार को राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में प्रदेशभर की बारिश और आपदा प्रबंधन की स्थिति की समीक्षा की।
उन्होंने जिलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों, भूस्खलन संभावित स्थानों, नदी-नालों और जलभराव वाले इलाकों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। सभी फील्ड टीमें और अधिकारी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी बारिश और आपदा प्रबंधन की तैयारियों का अपडेट लिया। मौसम विभाग की 27 सितंबर की चेतावनी के तहत देहरादून, टिहरी गढ़वाल और पौड़ी गढ़वाल में रेड अलर्ट, जबकि अन्य जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
अधिकारियों को नदी-नालों और गदेरों के आसपास अनावश्यक आवाजाही रोकने तथा पुलिस, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य, लोनिवि, विद्युत और पेयजल विभागों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
