पौड़ी के सिरासू में बढ़ेगा पर्यटन, होमस्टे और राफ्टिंग से मिलेंगे रोजगार के अवसर
पौड़ी गढ़वाल: यमकेश्वर ब्लॉक के सिरासू क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए जिलाधिकारी ने भ्रमण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
सिरासू के विकास के लिए दुकानें, वाटर पार्क, चिल्ड्रन पार्क और कॉटेज विकसित करने की डीपीआर शासन को भेजी गई है। जिलाधिकारी ने राफ्टिंग-बोटिंग की संभावनाओं का सर्वे कराने और पार्क में आवश्यक सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए।
स्थानीय युवाओं और महिलाओं के लिए नवंबर से फोटोग्राफी, कैटरिंग और मेकअप आर्टिस्ट का प्रशिक्षण शुरू कराने को कहा गया। साथ ही, इच्छुक ग्रामीणों को होमस्टे स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करते हुए 10 नवंबर से पहले आवेदन करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सिरासू को प्री-वेडिंग शूट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने, पर्यटकों के ठहरने की सुविधाएं बढ़ाने और स्वच्छता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय शांति निकेतन का भ्रमण कर पर्यटकों से भी संवाद किया।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
