देहरादून से मसूरी तक FDA का शिकंजा, 8 खाद्य नमूने जांच को भेजे; 6 रेस्टोरेंटों को नोटिस

IMG_20261024_222329

देहरादून: त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने देहरादून, विकासनगर, सेलाकुई और मसूरी में मिठाई की दुकानों, रेस्टोरेंट और खाद्य निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान आठ खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे गए, जबकि दस्तावेज अधूरे मिलने पर छह क्लेमेनटाउन रेस्टोरेंटों को नोटिस जारी किए गए।

निरीक्षण में पेयजल जांच रिपोर्ट, कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की कमी सामने आई। धूलकोट स्थित स्वीट्स वीके की निर्माण इकाई में मैन्युफैक्चरिंग लाइसेंस नहीं मिलने पर लाइसेंस में संशोधन तक निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए गए।

विभाग ने मिठाई विक्रेताओं को ट्रे पर निर्माण और अवसान तिथि स्पष्ट रूप से अंकित करने के निर्देश दिए। अभियान के दौरान मिठाई, पनीर और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए खाद्य विश्लेषणशाला भेजे गए।

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मनीष सयाना ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल और खाद्य गुणवत्ता सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है।

हिमालयन लाइव ब्यूरो

Spread the love