उत्तराखंड में बारिश का रेड अलर्ट, 24×7 अलर्ट मोड पर रहें अधिकारी: CM धामी
देहरादून: उत्तराखंड में भारी बारिश को लेकर मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी संबंधित विभागों और जिला प्रशासन को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी के निर्देश दिए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 26 सितंबर को बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में रेड अलर्ट है, जबकि देहरादून, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली और अल्मोड़ा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 27 सितंबर को देहरादून, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार में रेड अलर्ट रहेगा।
सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने सभी 13 जिलों के साथ बैठक कर आपदा प्रबंधन तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने जिला आपातकालीन केंद्रों को 24 घंटे सक्रिय रखने, नदी-नालों के जलस्तर पर नजर रखने तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में जेसीबी व अन्य मशीनरी तैयार रखने के निर्देश दिए।
चारधाम यात्रा मार्गों और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी विशेष निगरानी रखने को कहा गया है। प्रशासन ने लोगों से मौसम की चेतावनियों का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। आपात स्थिति में 1070, 1077 या 112 पर संपर्क किया जा सकता है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
