पाबों में 29 आपदा प्रभावित परिवारों का होगा सर्वे, भू-धंसाव की भी जांच करेगी टीएचडीसी
देहरादून: श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के पाबों विकासखंड में आपदा से प्रभावित 29 परिवारों के नुकसान का उच्च स्तरीय समिति से आकलन कराया जाएगा। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आपदा प्रबंधन विभाग को इस संबंध में कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रभावित परिवारों को आपदा नीति के तहत जल्द मुआवजा देने को कहा गया है।
डॉ. धन सिंह रावत ने मंगलवार को अपने शासकीय आवास पर श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में आपदा से हुए नुकसान को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने क्षतिग्रस्त मोटरमार्गों, पुलों और पेयजल लाइनों की तत्काल मरम्मत कर आवागमन और पेयजल आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए।
पाबों क्षेत्र में हो रहे भू-धंसाव का टीएचडीसी से स्थलीय सर्वेक्षण कराने और आवश्यक ट्रीटमेंट की कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-309 (बुआखाल-बैजरों) समेत लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई के तहत क्षतिग्रस्त सड़कों की जल्द मरम्मत के निर्देश दिए गए।
बैठक में भिड़ाहस्यूडी, विडोलस्यूं और ढिक्वाल गांव पेयजल पम्पिंग योजना को भी शीघ्र पूरा कर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए गए।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
