चारधाम यात्रा में स्वच्छता की नई पहल, अब तक 798 टन कचरा हुआ एकत्र
देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने चारधाम यात्रा को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए सफाई अभियान तेज किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आह्वान पर केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में प्लास्टिक कचरे के निस्तारण और रिसाइक्लिंग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस यात्रा सीजन में अब तक 798 टन कचरा एकत्र किया जा चुका है।
केदारनाथ में नगर पंचायत क्षेत्र से 32 टन सॉलिड वेस्ट, जिसमें 20 टन प्लास्टिक शामिल है, एकत्र किया गया। पैदल मार्ग पर सुलभ इंटरनेशनल ने 270 टन कचरा जमा किया है।
बद्रीनाथ में 393 टन कचरा एकत्र हुआ है, जिसमें 161 टन सूखा कूड़ा है। करीब 24 टन प्लास्टिक अलग कर नीलामी के लिए तैयार किया जा रहा है।
गंगोत्री में 98 टन कचरा एकत्र किया गया। इसमें 22 टन प्लास्टिक रिसाइकिल कर ₹55 हजार की आय अर्जित की गई है, जबकि ढाई टन खाद भी तैयार हुई है।
यमुनोत्री में 4.85 टन प्लास्टिक कचरे का सुरक्षित निस्तारण किया गया है। यहां सफाई व्यवस्था जिला पंचायत के जिम्मे है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चारधाम हिमालय की संवेदनशील पारिस्थितिकी का हिस्सा हैं। यात्रा को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए वैज्ञानिक कचरा निस्तारण और प्लास्टिक रिसाइक्लिंग पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
