रिस्पना-बिंदाल से जुड़ेगा नया कॉरिडोर; बिना शहर में घुसे मसूरी जाएंगे पर्यटक
देहरादून: ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए देहरादून में रिस्पना और बिंदाल एलिवेटेड रोड को जोड़ने की तैयारी है। राजपुर रोड स्थित मैक्स अस्पताल से सहस्रधारा रोड के धोरण तक एलिवेटेड-टनल कॉरिडोर बनाने की योजना प्रस्तावित है।
इस कॉरिडोर से दोनों एलिवेटेड रोड आपस में जुड़ेंगे और मसूरी जाने वाले पर्यटकों को शहर के अंदर से गुजरने के बजाय वैकल्पिक मार्ग मिल सकेगा। इससे राजपुर रोड समेत शहर के प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक दबाव कम होने की उम्मीद है।
जल्द होगी फिजिबिलिटी स्टडी
अधिकारियों के अनुसार, परियोजना अभी शुरुआती चरण में है। एनएचएआई और लोनिवि मिलकर इसकी स्टडी तैयार करेंगे। फिजिबिलिटी रिपोर्ट के बाद ही निर्माण को लेकर अंतिम फैसला होगा।
गनहिल में अवैध निर्माण सील
वहीं, मसूरी के गनहिल क्षेत्र में बिना स्वीकृत नक्शे के किए जा रहे निर्माण को एमडीडीए ने सील कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक एसडीएम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में कार्रवाई की गई है। मसूरी में अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
हिमालयन लाइव ब्यूरो
