Date Filter

Crime

अंग्यारी महादेव मंदिर के पुजारी की मौत का खुलासा: शिष्य और ड्राइवर गिरफ्तार

अंग्यारी महादेव मंदिर के पुजारी लाख मुनि महाराज की मौत के मामले में बागेश्वर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस मामले में पुजारी के शिष्य और वाहन चालक को गिरफ्तार किया गया है। दोनों पर गैर इरादतन हत्या का आरोप लगा है। एसपी बागेश्वर चंद्रशेखर घोड़के ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मामले का खुलासा किया।

26 नवंबर को गरुड़ तहसील के अंग्यारी महादेव मंदिर के पास पुजारी लाख मुनि महाराज का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। उनका सामान मंदिर के गेट के पास जंगल में बिखरा हुआ था। घटना की गंभीरता को देखते हुए मामला राजस्व पुलिस से जिला पुलिस को ट्रांसफर कर दिया गया। जांच के दौरान चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।

जांच में पता चला कि 25 नवंबर को पुजारी लाख मुनि महाराज अपने वाहन चालक हरेंद्र सिंह रावत और शिष्य अर्जुन गिरि के साथ अंग्यारी महादेव मंदिर जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने भक्तों को प्रसाद बांटा और शनि पूजा के लिए शराब खरीदी। गाड़ी से उतरकर मंदिर की ओर पैदल जाते समय अंधेरा हो गया और पुजारी फिसलकर नीचे गिर पड़े।

हरेंद्र और अर्जुन ने उन्हें ऊपर उठाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में पुजारी ने उन पर गाली-गलौज शुरू कर दी। आवेश में आकर दोनों ने पुजारी को सहारा देना छोड़ दिया, जिससे वह दुबारा लड़खड़ाकर खाई में गिर गए। अगले दिन उनका शव मिला।

पुलिस ने दोनों आरोपियों, अर्जुन गिरि (31) निवासी दिल्ली और हरेंद्र सिंह रावत (47) निवासी चमोली, को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ गैर इरादतन हत्या के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया है।इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है।

हिमालयन लाइव ब्यूरो

You May Also Like

Leave A Reply

Latest Newst

Stay Connected With Us

Subscribe Us